छत्तीसगढ़राज्य
Trending

कुरूद में नवविवाहिता की मौत से बवाल, मायके-ससुराल पक्ष आमने-सामने; पुलिस ने संभाली स्थिति

Uproar in Kurud over newlywed's death; families of the bride and groom at odds; police bring situation under control.

धमतरी। सिविल अस्पताल कुरूद में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मायके और ससुराल पक्ष के लोगों के बीच जमकर विवाद हो गया। मायके पक्ष ने गुरुवार काे मृतिका के पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया, जिसके चलते अस्पताल परिसर में मारपीट की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर कुरूद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया।

पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा और वीडियोग्राफी के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस एवं मौके पर मौजूद लोगों से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम किलेपार झलमला निवासी यशवंत पाल पिछले करीब पांच वर्षों से नगर पंचायत भखारा में फैंसी की दुकान संचालित करता है। वह अपनी नवविवाहिता पत्नी काजल पाल के साथ किराए के मकान में रहता था। बुधवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे काजल ने कथित तौर पर अपने स्कार्फ का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। जानकारी मिलने पर पति यशवंत और उसके कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा काजल को फंदे से उतारकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भखारा ले गए। गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे सिविल अस्पताल कुरूद रेफर किया, जहां जांच के बाद डाक्टरों ने काजल को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर मायके पक्ष से ग्राम मोतिमपुर, थाना मगरलोड निवासी मृतिका के पिता श्रीराम पाल और उसके भाई विकास व राकेश सिविल अस्पताल पहुंचे। यहां मायके पक्ष ने काजल की मौत को हत्या बताते हुए उसके पति यशवंत पर आरोप लगाए। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज शुरू हो गई और मामला मारपीट तक पहुंचने की स्थिति बन गई। अस्पताल परिसर में हंगामा होने की सूचना डाक्टरों ने कुरूद पुलिस को दी। थाना प्रभारी कमलेश ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मायके पक्ष को भरोसा दिलाया कि नवविवाहिता की मौत की निष्पक्ष प्रक्रिया के तहत मजिस्ट्रेट के समक्ष पंचनामा कराया जाएगा और इसकी वीडियोग्राफी भी होगी।

दामाद पर प्रताड़ना का आरोप: मृतिका के पिता श्रीराम पाल ने आरोप लगाया कि यशवंत पाल की यह दूसरी शादी है और उनकी बेटी काजल का विवाह अप्रैल 2026 में विधिवत हुआ था। शादी के बाद से यशवंत द्वारा काजल को प्रताड़ित करने और मारपीट करने की जानकारी बेटी ने उन्हें दी थी। घटना वाले दिन भी काजल ने मोबाइल से मायके ले जाने की बात कही थी। इसके बाद उसकी मौत की खबर मिली। पिता ने बेटी की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। फिलहाल कुरूद पुलिस ने अस्पताल मेमो के आधार पर कार्रवाई करते हुए मजिस्ट्रेट पंचनामा के बाद आज शव का पोस्टमार्टम कराया और शव स्वजन को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button