छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्क

51 हजार दीपों से साकार हुआ भारत का मानचित्र, कांकेर में गूंजा ‘आशीर्वाद का दीया

Map of India brought to life with 51,000 lamps; ‘Lamp of Blessings’ resonates in Kanker.

रायपुर: सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सेवा काल के 25 वर्ष पूरे होने पर कांकेर में जिलेभर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय कांकेर के ऐतिहासिक पीएमश्री शासकीय नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैदान में भारत का मानचित्र तैयार कर उस पर एक साथ 51 हजार दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों से जगमगाता भारत का मानचित्र आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक विक्रम देव उसेंडी ने किया। अध्यक्षता विधायक कांकेर आशाराम नेताम ने की।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी, नगर पालिका अध्यक्ष अरूण कौशिक, सीसीएफ विवेकानंद झा, कलेक्टर कुन्दन कुमार, पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा, सतीश लाटिया, महेश जैन सहित जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा भारत के मानचित्र पर जलाए गए 51 हजार दीपों का अवलोकन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विक्रम देव उसेंडी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और देश के विकास एवं जनकल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ की भावना के साथ सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री जन-धन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित विभिन्न योजनाओं से आमजन को मिल रही सुविधाओं का उल्लेख किया। कोरोना महामारी के दौरान टीकाकरण तथा जरूरतमंद परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने के प्रयासों की भी जानकारी दी।
उसेंडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाना उनके प्रति शुभकामना एवं सम्मान की भावना का प्रतीक है। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन तथा देश के निरंतर विकास की कामना की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधायक कांकेर आशाराम नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के पूरे 140 करोड़ जनता को अपना परिवार मानते हैं। एक परिवार के मुखिया की जिम्मेदारी होती है कि वह अपने परिवार की जरूरतों को समझे और उनके हित में कार्य करे। इसी सोच के अनुरूप प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से हर परिवार तक आवश्यक सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान, जल जीवन मिशन के माध्यम से घर-घर पानी, स्वच्छता अभियान के माध्यम से स्वच्छ वातावरण, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से किसानों को आर्थिक सहायता और आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने तथा उज्ज्वला एवं बिजली से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से घरों में सुविधा और रोशनी पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। खाद्यान्न सहायता योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है।
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत एक माह तक आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों एवं 13 प्रमुख पहलों की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों की सेवा यात्रा से संबंधित वीडियो का प्रदर्शन किया गया तथा अभियान से संबंधित कैलेंडर का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की वेशभूषा में पहुंचे बच्चों ने जनप्रतिनिधियों को गुलाब के फूल भेंट किए और भारत माता के जयकारे लगाए। पूरे परिसर में देशभक्ति एवं उत्साह का वातावरण रहा।
इस अवसर पर पूर्व विधायक देवलाल दुग्गा, सुमित्रा मारकोले, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुर्रे, राजा पाण्डेय, बृजमोहन तिवारी, अशोक वालेचा, टंकेश्वर जैन सहित जनप्रतिनिधि-पदाधिकारी, अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं, गणमान्य नागरिक एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button