छत्तीसगढ़राज्य
Trending

केकराखोली में जहरीले सांप का कहर, मां-बेटी को डसा; बच्ची ने तोड़ा दम

Venomous snake strikes in Kekrakholi; mother and daughter bitten, child succumbs.

धमतरी। नगरी ब्लाक के दुगली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम केकराखोली में बुधवार रात घर में सो रही मां और उसकी डेढ़ साल की बच्ची को जहरीले करैत सांप ने डस लिया। घटना के बाद परिजन दोनों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। वहीं महिला का उपचार करने के बाद उसकी स्थिति सामान्य होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

जिला अस्पताल के पुलिस सहायता केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम केकराखोली निवासी नरसू मरकाम की पत्नी संतोषी अपनी डेढ़ साल की बेटी मनस्वी के साथ घर के पाटा में सोई हुई थी। रात में अचानक मनस्वी के रोने की आवाज सुनकर संतोषी की नींद खुली। बच्ची को शांत कराने के लिए जैसे ही उसने उसे अपनी ओर खींचा, उसकी नजर बिस्तर पर चढ़े करैत सांप पर पड़ी। इसी दौरान सांप ने संतोषी को भी डस लिया। अचानक हुई इस घटना से घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने बिना देर किए मां-बेटी को वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया और उपचार शुरू कराया। अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने बच्ची मनस्वी की जांच की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

चिकित्सकों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। वहीं संतोषी का तत्काल उपचार शुरू किया गया। उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार होने पर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए स्वजन को सौंप दिया गया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। बरसात के मौसम में सांपों के निकलने की घटनाएं बढ़ने के बीच ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों से रात में जमीन पर सोने से बचने और घर के आसपास साफ-सफाई रखने की अपील की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button