छत्तीसगढ़राज्य

‘बिटिया@वर्क’ अभियान से छात्राओं को मिला प्रशासनिक कार्यप्रणाली का अनुभव, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक से किया सीधा संवाद

बालोद: बालिकाओं को शिक्षा के साथ रोजगार, करियर और विभिन्न कार्यक्षेत्रों की संभावनाओं से परिचित कराने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत ‘बिटिया@वर्क’ अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला कार्यक्रम अधिकारी के नेतृत्व में छात्राओं को संयुक्त जिला कार्यालय बालोद का भ्रमण कराया गया। इस दौरान छात्राओं ने कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण से मुलाकात कर प्रशासनिक कार्यप्रणाली और शासकीय सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने छात्राओं से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि बालिकाओं को अपने सपनों को पूरा करने के लिए बड़े लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए। शिक्षा ही आत्मनिर्भरता और सफलता का सबसे मजबूत आधार है। उन्होंने छात्राओं को अपने भीतर आत्मविश्वास विकसित करने, नई चीजें सीखने और अपनी रुचि एवं योग्यता के अनुरूप करियर चुनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज बालिकाओं के लिए प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध हैं। दृढ़ इच्छाशक्ति, मेहनत और निरंतर प्रयास से वे अपनी अलग पहचान बना सकती हैं।
पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण ने भी छात्राओं से संवाद कर उन्हें अनुशासन, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। छात्राओं ने अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे और प्रशासनिक सेवाओं से जुड़ी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
भ्रमण के दौरान छात्राओं ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुनील कुमार चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य एवं हरिवंश सिंह मिरी से भी मुलाकात कर विभिन्न विभागों के कामकाज, शासकीय योजनाओं और प्रशासनिक जिम्मेदारियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि प्रशासनिक सेवाओं, शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, उद्यमिता और अन्य व्यावसायिक क्षेत्रों में बालिकाओं के लिए आगे बढ़ने की अपार संभावनाएं हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी छात्राओं को ‘बिटिया@वर्क’ अभियान के उपहार स्वरूप कप प्रदान किए गए। साथ ही कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में उनके लिए स्वल्पाहार एवं भोजन की व्यवस्था भी की गई।
‘बिटिया@वर्क’ अभियान का उद्देश्य बालिकाओं को पारंपरिक सोच से आगे बढ़कर विभिन्न कार्यक्षेत्रों से परिचित कराना तथा उनमें नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की योग्यता और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करना है। इस भ्रमण से छात्राओं को वास्तविक कार्यस्थल का अनुभव मिला और भविष्य में अपने करियर को लेकर नई दिशा एवं प्रेरणा प्राप्त हुई। महिला एवं बाल विकास विभाग की यह पहल बालिकाओं को समान अवसर उपलब्ध कराने, उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

 

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button