छत्तीसगढ़राज्य

लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने जिले में निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण

खैरागढ़: लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने आज खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के प्रवास के दौरान लोक निर्माण विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने संयुक्त जिला कार्यालय भवन, सर्किट हाउस, खैरागढ़ बायपास मार्ग पर अमनेर नदी में निर्माणाधीन उच्चस्तरीय पुल तथा सड़क चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को निर्धारित गुणवत्ता और तकनीकी मानकों के अनुरूप कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सचिव बंसल ने 18.75 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन संयुक्त जिला कार्यालय भवन का निरीक्षण कर विभिन्न हिस्सों में चल रहे कार्यों की जानकारी ली। कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग राठौड़ा ने बताया कि भवन के भूतल में स्तंभ निर्माण का कार्य पूर्ण हो चुका है। प्रथम तल के ब्लॉक ‘ए’ में स्लैब एवं शटरिंग का कार्य प्रगति पर है, जबकि ब्लॉक ‘बी’ एवं ‘सी’ में स्तंभ स्तर तक कार्य पूर्ण कर लिया गया है। संयुक्त जिला कार्यालय भवन का निर्माण जून 2027 तक पूर्ण किया जाना है।
खैरागढ़ में 3.04 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन सर्किट हाउस का भी निरीक्षण किया गया। सचिव ने मौके पर निर्माण की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। भवन के ऊपरी ढांचे का निर्माण कार्य प्रगति पर है। सर्किट हाउस का निर्माण मार्च 2027 तक पूर्ण किया जाना है।
सचिव बंसल ने खैरागढ़ बायपास मार्ग पर अमनेर नदी में निर्माणाधीन उच्चस्तरीय पुल का निरीक्षण किया। पुल के दोनों एबटमेंट का कार्य पूर्ण हो चुका है। वहीं पांच में से पांच पियर, छह में से तीन स्पैन तथा छह में से एक स्पैन की ढलाई का कार्य प्रगति पर है। पुल निर्माण कार्य फरवरी 2027 तक पूर्ण किया जाना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान राज्य मार्ग क्रमांक 05 के अंतर्गत खैरागढ़ संभाग में चल रहे 10.40 किलोमीटर सड़क चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का भी जायजा लिया गया। सचिव ने मार्ग में 10 किलोमीटर डीबीएम कार्य, 400 मीटर क्षेत्र में वृक्ष कटाई तथा पाइपलाइन एवं विद्युत पोल स्थानांतरण से संबंधित बाधाओं को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जा सके।
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता डी.के. भतपहरी, दुर्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता एन.के. जैन, अधीक्षण अभियंता अर्पणा चौरागा, खैरागढ़ संभाग के कार्यपालन अभियंता एल.एन.एस. राठौर, सेतु संभाग दुर्ग के कार्यपालन अभियंता चंद्रकिशोर पाण्डेय, विद्युत एवं यांत्रिकी संभाग दुर्ग के कार्यपालन अभियंता अब्दुल कादिर सहित संबंधित विभागीय अधिकारी, उपअभियंता एवं निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

 

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button