छत्तीसगढ़राज्य

स्वामी आत्मानंद स्कूल कन्नेवाडा में दो पालियों में आयोजित हुआ ’मिशन वात्सल्य’ एवं ’मिशन शक्ति’ जागरूकता शिविर

बालोद: कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी अमित सिन्हा के आदेश एवं मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिला बाल संरक्षण अधिकारी गजानंद साहू के नेतृत्व में आज स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय कन्नेवाडा में ’मिशन वात्सल्य’ एवं ’मिशन शक्ति’ के अंतर्गत दो पालियों में विशेष जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके अधिकारों, बाल संरक्षण, महिला सुरक्षा तथा सशक्तिकरण के प्रति जागरूक कर एक जिम्मेदार नागरिक बनाना रहा।

शिविर के दौरान छात्र-छात्राओं को बाल अधिकार, बाल विवाह की रोकथाम, बाल श्रम उन्मूलन, बच्चों के साथ होने वाले दुव्र्यवहार की रोकथाम तथा बाल संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इसके साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं के अधिकारों, सुरक्षा, सम्मान, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण पर प्रकाश डालते हुए विभागीय योजनाओं से परिचित कराया गया। मिशन वात्सल्य के तहत संचालित सेवाओं की जानकारी देते हुए आपातकालीन ’चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098’ तथा मिशन शक्ति के तहत उपलब्ध सहायता सेवाओं व ’महिला हेल्पलाइन नंबर 181’ के उपयोग के बारे में बताया गया। विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की असुरक्षित परिस्थिति, समस्या या शोषण का सामना करने पर तत्काल इन नंबरों पर संपर्क करने हेतु प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बैनर एवं पोस्टरों के माध्यम से भी बाल संरक्षण और महिला सशक्तिकरण का संदेश प्रसारित किया गया। उपस्थित अधिकारियों ने बच्चों के सर्वांगीण विकास, सुरक्षित वातावरण निर्माण तथा महिलाओं व बालिकाओं को समान अवसर प्रदान करने में समाज की भूमिका पर विशेष जोर दिया। कार्यक्रम में विधिक सह परिवीक्षा अधिकारी उत्तम कुमार साहू, सामाजिक कार्यकर्ता अनिल सिन्हा, परियोजना समन्वयक चाइल्ड लाइन वेद प्रकाश साहू, काउंसलर चाइल्ड लाइन पूर्णिमा साहू तथा जेंडर विशेषज्ञ (मिशन शक्ति) दिनेश्वरी सिन्हा उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि जागरूकता कार्यक्रम अंतर्गत प्रथम पाली सुबह 10 बजे से 11.40 बजे तक आयोजित हुई, जिसमें विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य वी. आर. ठाकुर, 15 शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं 200 छात्र-छात्राएं सम्मिलित हुए। वहीं द्वितीय पाली दोपहर 12 से 02 बजे तक संचालित की गई, जिसमें प्राचार्य विनोदिनी यादव एवं समस्त स्टाफ एच. एल. साहू, वैशाली यादव, पी. के. साहू, सुरेश देशमुख, एल. एन. साहू, प्रतिभा ठाकुर, रचना शर्मा सहित 400 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। दोनों पालियों में कुल 600 विद्यार्थियों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और सुरक्षा प्रावधानों से सीधे अवगत कराया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button