
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में 24 घंटे के भीतर हत्या की दूसरी वारदात सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई है। गोड़पेण्ड्री गांव में एक युवक की खून से लथपथ लाश उसके घर के बेड पर मिली, जिसके बाद पुलिस ने चंद घंटों के भीतर ही इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए मृतक की सगी बहन को गिरफ्तार कर लिया है।
यह पूरा मामला उतई थाना क्षेत्र के ग्राम गोड़पेण्ड्री का है। 40 वर्षीय धर्मेन्द्र पाल का शव घर के बेड पर पड़ा मिला था। उसके सिर और बाईं आंख के ऊपर गंभीर चोट के निशान थे। बहन धन्नी धनकर (34 वर्ष) ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही उतई पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को मृतक की बहन धन्नी पर शक हुआ। पूछताछ में सामने आया कि वह अपने भाई की शराब पीने की आदत से परेशान थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। गुस्से में आकर उसने सीलबट्टे के लोढ़े से धर्मेन्द्र के सिर और बाईं आंख के ऊपर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शुरुआत में आरोपी बहन ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा हमला किए जाने की बात कही थी, लेकिन घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पुलिस की पूछताछ में उसकी कहानी संदिग्ध लगी। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने भाई की हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल सीलबट्टे का लोढ़ा भी जब्त कर लिया है।
एडिशनल एसपी ग्रामीण मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि आरोपी धन्नी धनकर को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल उतई पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।



