छत्तीसगढ़राज्य

महिला हितैषी ग्राम पंचायत के भौतिक सत्यापन के लिए राष्ट्रीय टीम ने किया खड़गवां का दौरा

एमसीबी: महिला हितैषी ग्राम पंचायत थीम के अंतर्गत राष्ट्रीय टीम ने ग्राम पंचायत खड़गवां का दौरा कर विभिन्न गतिविधियों का भौतिक सत्यापन किया। इस दौरान टीम ने महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, आजीविका, सामाजिक भागीदारी एवं आर्थिक स्वावलंबन से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया।
भ्रमण की शुरुआत ग्राम पंचायत खड़गवां के बैठक कक्ष में आयोजित बैठक से हुई। बैठक में पंच, सरपंच, महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्य, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्वास्थ्य मितानिन एवं संबंधित विभागों के प्रमुख उपस्थित रहे। इस दौरान महिला हितैषी ग्राम पंचायत की अवधारणा, उसके क्रियान्वयन तथा महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली गई।
इसके बाद राष्ट्रीय टीम ने अटल डिजिटल सेवा केंद्र (CSC) का निरीक्षण किया। यहां केंद्र की प्रभारी रीना गुप्ता से चर्चा कर अभिलेखों का अवलोकन किया गया तथा लोक सेवा केंद्र के माध्यम से महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी प्राप्त की गई।
टीम ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खड़गवां का भी निरीक्षण किया। यहां बालिकाओं के टीकाकरण, महिला प्रसव कक्ष एवं महिला वार्ड का अवलोकन कर महिलाओं को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली गई। इसके पश्चात पोषण पुनर्वास केंद्र का भ्रमण कर कुपोषित बच्चों एवं उनकी माताओं से स्वास्थ्य, पोषण और देखभाल से संबंधित विषयों पर चर्चा की गई।
महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन एवं आजीविका गतिविधियों का जायजा लेने के लिए टीम ने साक्षर भारत स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष अज्जुन्निशा के सिलाई केंद्र का निरीक्षण किया। वहीं, राधा स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष शफीला एवं समूह की अन्य सदस्यों से रेडीमेड कपड़ों की दुकान के संचालन, स्वरोजगार तथा ऋण की समय पर अदायगी के संबंध में जानकारी ली गई।
भ्रमण के अंतिम चरण में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खड़गवां एवं स्वामी आत्मानंद विद्यालय का दौरा किया गया। यहां विद्यालयों के प्राचार्यों से चर्चा कर बाल सभा के आयोजन, बच्चों की सहभागिता तथा बाल हितैषी गतिविधियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।
राष्ट्रीय टीम के इस भ्रमण का उद्देश्य महिला हितैषी ग्राम पंचायत की अवधारणा के अनुरूप ग्राम पंचायत खड़गवां में किए जा रहे कार्यों का भौतिक सत्यापन करना तथा महिलाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण एवं आर्थिक स्वावलंबन से संबंधित व्यवस्थाओं का मूल्यांकन करना था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button