छत्तीसगढ़राज्य

लिकटेंस्टीन के प्रिंस एलोइस का भारत दौरा, राष्ट्रपति भवन में किया गया औपचारिक स्वागत

भारत दौरे पर आए लिकटेंस्टीन के हेरेडिटरी प्रिंस एलोइस का मंगलवार को राष्ट्रपति भवन प्रांगण में औपचारिक स्वागत किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रिंस एलोइस का गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रिंस सोमवार को गुजरात के वडोदरा से राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे। हवाई अड्डे पर केंद्रीय राज्य मंत्री (एमओएस) जयंत सिंह ने उनका स्वागत किया।
विदेश मंत्रालय (एमईए) ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “भारत और लिकटेंस्टीन के संबंधों में एक नया अध्याय। लिकटेंस्टीन के प्रिंस एलोइस अपनी भारत यात्रा के तहत वडोदरा का दौरा करने के बाद नई दिल्ली पहुंचे। हवाई अड्डे पर केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत सिंह ने उनका स्वागत किया। यह यात्रा दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को नई गति देगी।” प्रिंस एलोइस का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए, केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत सिंह ने ‘एक्स’ पर लिखा: “दावोस में हमारी पिछली मुलाकात के बाद, मुझे उम्मीद है कि भारत और लिकटेंस्टीन के बीच के मैत्रीपूर्ण संबंधों को और सुदृढ़ किया जाएगा और आपसी सहयोग के जरिए हमारे साझा हितों को आगे बढ़ाया जाएगा।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर राजकीय यात्रा पर आए प्रिंस ने दौरे की शुरुआत मुंबई से की थी। उनके साथ पत्नी राजकुमारी सोफिया और उद्योगपतियों का एक उच्च-स्तरीय आधिकारिक और व्यावसायिक प्रतिनिधिमंडल भी आया है। यह 2026 में प्रिंस एलोइस की भारत की दूसरी यात्रा है; इससे पहले वे फरवरी में ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में शामिल होने के लिए नई दिल्ली आए थे। वे इससे पहले 2010 और 2018 में भी भारत आ चुके हैं।
प्रिंस एलोइस राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देंगे और विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ बैठक करेंगे। मंगलवार को प्रिंस एलोइस की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हैदराबाद हाउस में भी बैठक प्रस्तावित है। इस दौरान वे व्यापार और निवेश, विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार, तथा लोगों के बीच आपसी आदान-प्रदान जैसे विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा करेंगे। साथ ही, वे क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी अपने विचार साझा करेंगे।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री जयंत चौधरी मंगलवार को प्रिंस एलोइस से मुलाकात करेंगे। इसके बाद प्रिंस राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करेंगे, जो उनके सम्मान में एक आधिकारिक भोज का आयोजन भी करेंगी।

 

 

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button