
रायपुर। कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और अमन साव गैंग के नाम पर धमकी देकर 25 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने के मामले में शोएब ढेबर की फिर गिरफ्तारी का रास्ता साफ हो गया है। छुट्टी के दिन बैठे कोर्ट से शोएब को जमानत मिलने के आदेश के खिलाफ पुलिस ने अर्जी लगाई थी। पुलिस ने तर्क दिया कि गिरफ्तारी की प्रक्रिया का पूरा पालन किया गया था।
आरोपी के कहने पर उसके दोस्त को गिरफ्तारी की सूचना दी गई थी। कोर्ट ने पुलिस की कार्रवाई को सही मानते हुए शोएब की दोबारा गिरफ्तारी का आदेश दिया है। पुलिस के सामने इस मामले में सबसे बड़ी चुनौती धमकी देने के लिए इस्तेमाल किए गए सिम और मोबाइल फोन को बरामद करना है। हालांकि तकनीकी जांच में शोएब का एक नंबर सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, इस नंबर से शोएब ने अपनी पत्नी, पिता और रिश्तेदारों समेत करीब 200 लोगों से बातचीत की है। पूछताछ में अधिकांश लोगों ने इस नंबर को शोएब का बताया है। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि शोएब के नंबर से वर्चुअल नंबर को इंटरनेट उपलब्ध कराया गया था। इसी वर्चुअल नंबर से धमकी दिए जाने की जांच की जा रही है।



