
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर के अवसर पर रायपुर में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान राजधानी में एक साथ करीब 25 लाख दीये जलाकर शहर को रोशन करने की तैयारी है। आयोजन को लेकर प्रशासन ने लगभग 13 किलोमीटर लंबा रूट मैप तैयार किया है।
प्रस्तावित योजना के तहत सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास से भगत सिंह चौक, पुराने मंत्री बंगले, केनाल रोड, तेलीबांधा चौक, मरीन ड्राइव और कलेक्ट्रेट क्षेत्र तक प्रमुख मार्गों और आसपास के हिस्सों को दीयों से सजाया जाएगा। आयोजन के लिए रूट और स्थानों को चिह्नित करने का काम किया जा रहा है।
13 किलोमीटर के दायरे में सजेगा शहर
प्रस्तावित रूट के अनुसार दीप सज्जा की शुरुआत सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास से होगी। यहां से गांधी उद्यान, गढ़कलेवा रोड, मल्टीलेवल पार्किंग होते हुए भगत सिंह चौक और पुराने मंत्री बंगले ओवरब्रिज तक क्षेत्र को कवर किया जाएगा।
इसके बाद केनाल रोड से तेलीबांधा चौक, मरीन ड्राइव और जल विहार कॉलोनी होते हुए पुनः केनाल रोड, कटोरा तालाब चौक और वीआईपी क्लब के रास्ते मुख्यमंत्री निवास तक दीप सज्जा की जाएगी। इस तरह करीब 13 किलोमीटर के पूरे रूट को दीपों से जगमगाने की योजना है।
25 लाख दीयों पर करीब 37.50 लाख रुपये का खर्च
आयोजन के लिए करीब 25 लाख दीयों की व्यवस्था की जाएगी। बाजार में वर्तमान में दीयों की कीमत लगभग 20 रुपये प्रति दर्जन बताई जा रही है। इस दर के आधार पर 25 लाख दीयों की अनुमानित कीमत करीब 37.50 लाख रुपये बैठती है। हालांकि अंतिम खर्च दीयों की वास्तविक खरीद दर और आयोजन की अन्य व्यवस्थाओं के आधार पर तय होगा।



